दिल्ली विश्वविद्यालय ने सीईएस 2025-26 के दाखिलों के लिए आवेदन आमंत्रित किए
दिल्ली विश्वविद्यालय ने इच्छुक उम्मीदवारों से ‘कॉम्पिटेंस एनहांसमेंट स्कीम’ (सीईएस) 2025-26 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसमें विश्वविद्यालय के विभागों और कॉलेजों द्वारा सभी सेमेस्टर में पढ़ाए जाने वाले पेपर शामिल हैं। एनईपी 2020 के तहत, सीईएस का उद्देश्य किसी भी उम्र के सीखने वालों को ज्ञान बढ़ाने का अवसर देना है, ताकि वे दिल्ली विश्वविद्यालय के विभागों और कॉलेजों द्वारा चलाए जा रहे मौजूदा कोर्स के नियमित छात्रों के साथ दाखिला ले सकें और पढ़ाई कर सकें। इस योजना का उद्देश्य उन लोगों के शैक्षिक सपनों को पूरा करना है, जिन्हें पहले अवसर नहीं मिला। इसके तहत नवीनतम तकनीक, ज्ञान और इनोवेशन का उपयोग करके शैक्षणिक और पेशेवर कौशल को अपग्रेड करना और वरिष्ठ और गैर-वरिष्ठ नागरिकों को जीवन भर सीखते रहने में सक्षम बनाना है।
डीयू के इंस्टीट्यूट ऑफ लाइफ लांग लर्निंग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार कोई भी व्यक्ति जो किसी मौजूदा पेपर के लिए निर्धारित न्यूनतम पात्रता मानदंड और पूर्व-आवश्यकताओं (यदि कोई हों) को पूरा करता हो, वह इसके लिए पंजीकरण कर सकता है। किसी भी पेपर में एडमिशन के लिए चयन संबंधित विभागों और कॉलेजों में सीटों की उपलब्धता पर निर्भर करता है। किसी कोर्स में सीईएस के तहत सीटों को 'सुपरन्यूमरेरी' (अतिरिक्त) माना जाएगा। विभागों और कॉलेजों द्वारा पेश किए गए उपलब्ध पेपरों की सूची, पात्रता मानदंड, पंजीकरण और शुल्क संरचना आदि के बारे में जानकारी के लिए, कृपया विश्वविद्यालय के पोर्टल (www.admission.uod.du.ac.in) और विश्वविद्यालय के नोडल समन्वय संस्थान, यानी 'इंस्टीट्यूट ऑफ लाइफ लांग लर्निंग' (ILLL) की वेबसाइट (www.illl.du.ac.in) पर सीईएस ई-ब्रोशर देखें।
सीईएस 2025-26 के तहत विश्वविद्यालय के विभागों और कॉलेजों द्वारा पेश किए गए पेपरों को पढ़ने के लिए आवेदन करने हेतु, इच्छुक उम्मीदवार निम्नलिखित लिंक के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं: (https://ees.du.ac.in/index.php/site/login)। कृपया ध्यान दें कि CES के लिए पंजीकरण पूरे वर्ष खुला रहता है। CES के लिए एडमिशन की प्रक्रिया पूरे वर्ष चलती है।
