श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय में पाँच दिवसीय समीक्षा कार्यशाला का समापन
नई दिल्ली, 31 जुलाई 2026 — वैज्ञानिक एवं तकनीकी शब्दावली आयोग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार तथा श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज के संयुक्त तत्त्वावधान में 27 से 31 जुलाई 2026 तक आयोजित पाँच दिवसीय वैज्ञानिक एवं तकनीकी शब्दावली कार्यशाला का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ।
समापन समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. गुर मोहिंदर सिंह ने विभिन्न भारतीय भाषाओं में उपलब्ध वैज्ञानिक एवं तकनीकी ज्ञान को हिंदी के माध्यम से जनसुलभ बनाने की इस महत्वपूर्ण पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी शब्दावली के विकास की यह दिशा भावी पीढ़ियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी और भारतीय भाषाओं में ज्ञान-विस्तार के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगी।
कार्यशाला के कार्यक्रम अधिकारी सुमित कुमार ने प्राचार्य के मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में कार्यशाला का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने वैज्ञानिक एवं तकनीकी शब्दावली आयोग, विषय विशेषज्ञों, प्रतिभागियों तथा सभी सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस पाँच दिवसीय कार्यशाला में विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों, शिक्षाविदों एवं भाषा विशेषज्ञों ने सहभागिता करते हुए वैज्ञानिक एवं तकनीकी शब्दों के निर्माण, समीक्षा एवं मानकीकरण से संबंधित लगभग 9000 शब्दों पर समीक्षा की और उससे संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श किया। कार्यशाला का उद्देश्य भारतीय भाषाओं, विशेषकर हिंदी में वैज्ञानिक एवं तकनीकी ज्ञान को सुदृढ़ एवं समृद्ध करना है।


